दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक 'सेवा पखवाड़ा' आयोजित करेगी और इसके तहत वह रक्तदान शिविर लगाएगी, स्वच्छता अभियान चलाएगी तथा 'विविधता में एकता' उत्सव मनाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी की जयंती तक आयोजित होने वाले इस 'सेवा पखवाड़ा' का मुख्य उद्देश्य 'गरीबों, शोषितों, वंचितों तक पहुंच सुनिश्चित करना और उनके जीवन में गुणात्मक सुधार लाना है।'

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता देश के सभी जिलों में 'विविधता में एकता' उत्सव मनाएंगे और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का संदेश देंगे। सिंह ने बताया कि इस पखवाड़े के दौरान पार्टी कार्यकर्ता पौधारोपण, स्वच्छता और जागरूता अभियान भी चलाएंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता दिव्यांग जनों के बीच उपकरणों का वितरण करेंगे, खादी के उत्पादों को प्रोत्साहित करेंगे और मुफ्त स्वास्थ्य जांच केंद्र लगाएंगे।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन यानी 17 सितंबर को भाजपा राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय से लेकर सभी राज्य मुख्यालयों और जिला कार्यालयों में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाएगी। केंद्रीय मुख्यालय में प्रदर्शनी का उद्घाटन पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा करेंगे।

नरेंद्र दामोदरदास मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ। मोदी जब सिर्फ आठ साल के थे, तभी वह राष्ट्रीय स्वयेसंवक संघ (RSS) के संपर्क में आए। वह महज 20 साल की उम्र में पूरी तरह से आरएसएस के प्रचारक बन गए। वह पहली बार 1971 में औपचारिक रूप से आरएसएस में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुरकर नहीं देखा। मोदी ने बचपन में वडनगर रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने में अपने पिता की भी मदद की। नरेंद्र मोदी करीब 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद उनके नेतृत्व में भाजपा ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज की।

Tags: