भाजपा के कद्दावर मंत्री ने दिया इस्तीफा, जानिए वजह
कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज.
पटना: बिहार में नीतीश की अगुवाई वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तस्वीर करीब-करीब साफ हो गई है. आज शाम चार बजे राज्यपाल नीतीश कैबिनेट के नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. कैबिनेट विस्तार से ठीक पहले दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. दिलीप जायसवाल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की बिहार यूनिट के अध्यक्ष भी हैं.
इस कैबिनेट विस्तार में बीजेपी के कोटे से चार मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं. नए मंत्रियों की लिस्ट में सूबे के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद के साथ ही राजू यादव के भी नाम हैं. दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से छोड़ने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मैं इस्तीफा दे रहा हूं. उन्होंने मंत्री पद से अपने इस्तीफे के पीछे बीजेपी में एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत को वजह बताया और कैबिनेट विस्तार के सवाल को टाल गए.
बिहार बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कैबिनेट विस्तार कब होगा, ये मुख्यमंत्री का अधिकार है. दिलीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री को भेजे अपने इस्तीफे में स्वेच्छा से मंत्री पद छोड़ने की बात कही है. उनके पास राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का जिम्मा था. नीतीश कुमार कैबिनेट का विस्तार आज शाम 4 बजे हो सकता है जिसमें बीजेपी के कोटे से चार मंत्री शपथ ले सकते हैं.
सूत्रों की मानें तो चुनावी साल के इस पहले कैबिनेट विस्तार में जेडीयू के कोटे से कोई भी मंत्री नहीं बनाया जाएगा. कैबिनेट विस्तार को लेकर बिहार सरकार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की है. सम्राट चौधरी के आवास पर इसे लेकर बीजेपी नेताओं की एक बैठक भी चल रही है.