बेंगलुरु: कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के गौरीबिदनूर में वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व तालुक पंचायत अध्यक्ष सनकी वेंकटरमणप्पा पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने कथित तौर पर उनका गला काटने की कोशिश की। चाकू से हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने हमला करने से पहले अधिवक्ता सनकी वेंकटरमणप्पा से कुछ देर तक बातचीत की। इसके बाद अचानक चाकू से उनकी गर्दन पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले में वेंकटरमणप्पा को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गौरीबिदनूर टाउन पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपी के इरादों का पता लगाने के लिए जानकारी जुटा रही है। फिलहाल, हमले के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
इधर, कर्नाटक के तुमकुरु जिले के सिरा तालुक के तवारेकेरे गांव के पास सोमवार तड़के दो कारों की टक्कर में दो युवतियों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान निसर्गा (20) और रूपा (21) के रूप में हुई है। वे उत्तरी कर्नाटक के विजयपुरा से एक जॉब इंटरव्यू के लिए बेंगलुरु जा रही थीं। दोनों ने बैचलर ऑफ फार्मेसी की डिग्री पूरी कर ली थीं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे तवारेकेरे पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ। शुरुआती जांच से पता चला है कि युवतियों वाली कार का ड्राइवर, पवन, गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि कार हवा में उछलकर सड़क पर गिरी और फिर सामने से आ रही एक दूसरी कार से टकरा गई।