दिल्ली। उत्तराखंड से लेकर हिमाचल तक भारी बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिले में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश को देखते हुए टिहरी और चंपावत समेत कई जिलों में आज स्कूल बंद कर दिए गए है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश को लेकर रेड वॉर्निंग जारी है. कांगड़ा ज़िला प्रशासन ने भी 20-21 जुलाई को सभी सरकारी और प्राइवेट शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है.
IMD ने देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जैसे जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी स्थिति चिंताजनक है. IMD ने 20 और 21 जुलाई के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जैसे पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश से फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.
उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को पूरी स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि जहां कहीं भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो, वहां प्रशासन तत्काल कार्रवाई करे. राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें और प्रभावित लोगों को समय पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाएं बाधित होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए. चारधाम यात्रा मार्ग सहित सभी प्रमुख मार्गों की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जाए. मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों और राज्य में आने वाले यात्रियों से अपील की है कि मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें. खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें. 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे.