नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा और रणनीतिक बदलाव करते हुए दरभंगा शहरी से विधायक संजय सरावगी को बिहार बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. वे संजय जायसवाल की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे.
पार्टी का प्रमुख वैश्य चेहरा माने जाने वाले संजय सरावगी फरवरी 2005 से लगातार विधायक हैं और दरभंगा शहरी सीट से उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. वे पिछली एनडीए सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं, जिससे उन्हें प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव भी है.
पार्टी के भीतर संजय सरावगी को वैश्य समाज के प्रभावशाली चेहरे के तौर पर देखा जाता है. ऐसे में उनका प्रदेश अध्यक्ष बनना सामाजिक संतुलन चुनावी गणित के लिहाज़ से भी अहम माना जा रहा है. यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. इस बदलाव से बिहार भाजपा के भीतर कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने की उम्मीद है.