सम्राट चौधरी को चुना गया NDA के विधायक दल का नेता, कल शपथ ग्रहण
कल लेंगे CM पद की शपथ.
पटना: एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी का स्वागत किया गया। नीतीश कुमार ने भी बिहार में अपने उत्तराधिकारी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सम्राट चौधरी को बैठक में एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुना गया। वह कल सुबह 11 बजे बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। उनके साथ बिहार के नए कैबिनेट सदस्यों का भी शपथ ग्रहण होगा।
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट को लगातार तीसरी बार नेता चुना गया है। सम्राट के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार 15 अप्रैल को शपथ लेगी। सम्राट चौधरी कल सीएम बनते ही अपशकुनी मान्यता से जुड़ा 56 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जो यह धारणा बनाता था कि जो डिप्टी सीएम बनता है, वो कभी मुख्यमंत्री नहीं बना पाता। सम्राट चौधरी इसी के साथ समाजवादी नेता भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की बराबरी भी कर लेंगे, क्योंकि कर्पूरी ही वो आखिरी डिप्टी सीएम हैं, जिन्हें 56 साल पहले पहली बार सीएम बनने का मौका मिला था।
बिहार में कर्पूरी ठाकुर के बाद 56 साल से कोई उप-मुख्यमंत्री कभी मुख्यमंत्री की कुर्सी तक नहीं पहुंच पाया। कर्पूरी ठाकुर 1967 में पहली बार सोशलिस्ट पार्टी की महामाया प्रसाद सिन्हा सरकार में डिप्टी सीएम बने थे। लगभग एक साल तक वह उप-मुख्यमंत्री पद पर रहे। 1970 में कर्पूरी ठाकुर पहली बार सीएम बने और सरकार लगभग छह महीने चली। इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में जनता पार्टी की सरकार बनी तो कर्पूरी 1977 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। इस बार कर्पूरी की सरकार 2 साल से कुछ कम समय तक चली।
बिहार को आजादी के बाद से अब तक 10 डिप्टी सीएम मिले हैं। कर्पूरी ठाकुर से पहले कांग्रेस के अनुग्रह नारायण सिन्हा 11 साल डिप्टी सीएम रहे, लेकिन सीएम ना बन सके। कर्पूरी ठाकुर के बाद जगदेव प्रसाद, राम जयपाल सिंह यादव, सुशील मोदी, तेजस्वी यादव, तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम बने। कर्पूरी 1970 में पहली बार सीएम बने थे। उनके बाद बना कोई डिप्टी सीएम अब तक सीएम नहीं बन पा रहा था। 56 साल बाद सम्राट चौधरी ने उस रिकॉर्ड और उस मान्यता को ध्वस्त कर दिया है।
बिहार में भाजपा के संस्थापक नेताओं में रहे सुशील मोदी कई बार नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम बने, लेकिन कभी सीएम नहीं बन पाए। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव भी दो बार डिप्टी सीएम बने, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं बन पा रहे हैं। सम्राट चौधरी दो बार डिप्टी सीएम बनने के बाद प्रमोशन की लंबी छलांग मारकर सीएम बनने जा रहे हैं।
सम्राट चौधरी अब तक तीन बार भाजपा विधायक दल का नेता चुने गए हैं। पहली दो बार वो डिप्टी सीएम बने। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भाजपा को सरकार का नेतृत्व करना है, इसलिए अब बीजेपी विधायक दल का नेता ही एनडीए का नेता और मुख्यमंत्री होगा। बिहार में भाजपा के नेतृत्व में यह पहली एनडीए सरकार होगी।