PM मोदी को अपशब्द पर बवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर धावा बोला, मचा हड़कंप
देखें वीडियो.
पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राजद और कांग्रेस की संयुक्त रैली में अपशब्द कहे जाने को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटना में कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में कांग्रेस कार्यालय पर धावा बोल दिया.
कांग्रेस नेताओं ने आज तक से बातचीत में आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का गेट तोड़कर अंदर घुस गए और लाठियां बरसाईं. कार्यालय में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और ईंट पत्थर भी चलाए. इसमें कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं. एक कार्यकर्ता का सिर फट गया.
भाजपा नेताओं ने सदाकत आश्रम तक मार्च किया और राहुल गांधी तथा इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की. इस प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पटना में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय 'सदाकत आश्रम' में तोड़फोड़ की. उन्होंने कांग्रेस कार्यालय का गेट जबरदस्ती खोल दिया और अंदर घुस गए. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका प्रतिरोध किया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठियां चलने लगीं. दोनों तरफ से एक दूसरे पर ईंट और पत्थर भी बरसाए गए.