बद्दी। बरोटीवाला में कपड़ा कारोबारी से 15 लाख रुपए की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिस्तौल लेकर पहुंचे दो नकाबपोश युवक कारोबारी की दुकान में घुस गए और वहां मौजूद कर्मचारी से कारोबारी के बारे में पूछताछ करते हुए 15 लाख रुपए की मांग करने लगे। युवकों ने फोन पर कारोबारी से बातचीत कर रकम न देने पर उसे और उसके परिवार को गोली मारकर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। कारोबारी को पिछले कुछ दिनों से लगातार व्हाट्सऐप कॉल के जरिए फिरौती के लिए धमकाया जा रहा था। इस घटना के बाद सहमे कारोबारी ने पुलिस अधीक्षक बद्दी को शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही अपनी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बरोटीवाला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अभिषेक रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले कुछ दिनों से अज्ञात लोग उसे फोन करके 15 लाख रुपए की फिरौती मांग रहे थे। रकम न देने पर उसे गोली मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। इसी बीच गत सोमवार दोपहर वह दुकान से खाना खाने घर गया हुआ था।
उस समय दुकान पर उसका सहयोगी प्रकाश चंद मौजूद था। इसी दौरान दो नकाबपोश अज्ञात युवक दुकान में पहुंचे। शिकायत के मुताबिक दोनों युवकों के पास पिस्तौल थी और वे अभिषेक के बारे में पूछताछ करते हुए 15 लाख की मांग कर रहे थे। दुकान में मौजूद प्रकाश चंद ने तत्काल फोन करके अभिषेक को इसकी जानकारी दी और उसकी बातचीत भी दोनों नकाबपोश युवकों से करवाई। शिकायतकर्ता ने आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि बरोटीवाला में कपड़ा कारोबारी से 15 लाख रुपए की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत आई है जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बरोटीवाला में धारा 329(4), 308(3), 351(3) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
Tags: