जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के किंगांव में दशहरे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पथ संचलन के रास्ते को लेकर बवाल हो गया. यहां एक धार्मिक स्थल के सामने से जुलूस निकालने को लेकर कुछ लोगों ने विरोध जताया. इस दौरान महिलाएं सड़क पर बैठ गईं. मामला बढ़ने पर पथराव होने लगा. हालात संभालने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया. घटना के बाद इलाके में पुलिस बल बढ़ा दिया गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.
मामला जलगांव जिले के यावल तालुका के किंगांव का है. यहां दशहरे के मौके पर RSS की ओर से पथ संचलन निकालने की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान जुलूस के तय रास्ते को लेकर विरोध शुरू हो गया. विरोध करने वाले लोगों को एक धार्मिक स्थल के सामने से जुलूस निकालने पर आपत्ति थी. पथ संचलन के रूट को लेकर विवाद तब बढ़ा, जब कुछ महिलाएं धार्मिक स्थल के सामने सड़क पर बैठ गईं.
महिलाएं इस रास्ते से जुलूस निकालने का विरोध कर रही थीं. इससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया. विरोध के बीच हालात और बिगड़ गए. इलाके में पथराव हुआ. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को कंट्रोल करने और स्थिति को संभालने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया. घटना के बाद किंगांव में तनाव फैल गया. पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाया.
तनाव की सूचना मिलने के बाद जलगांव जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी किंगांव पहुंचे. इनमें एसपी श्रीकांत धिवरे, एएसपी संदीप गावित और डिवीजनल पुलिस अधिकारी अनिल बडगुजर शामिल हैं. इसके अलावा भुसावल, यावल और रावेर से भी पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. फिलहाल, पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात संभालने में जुटे हैं. विवाद की पूरी वजह, पथराव में शामिल लोगों और आगे की कार्रवाई के बारे में डिटेल का इंतजार है.
एसपी श्रीकांत धिवरे ने कहा कि अब हालात कंट्रोल में हैं और माहौल शांतिपूर्ण है. पर्याप्त संख्या में पुलिस बल किंगांव में तैनात है. यहां आज पथ संचलन निकलना था. एक गुट ने इसका विरोध किया. पुलिस ने उस गुट को समझाने की दो ढाई घंटे तक कोशिश की. लेकिन वो समझने की स्थिति में नहीं थे. पुलिस ने उनसे काफी गुजारिश की. इस रैली को नियमों के तहत पुलिस द्वारा परमिशन दी गई थी. इसीलिए इसमें किसी तरह की रोकटोक नहीं थी. इसके बाद भीड़ को कंट्रोल करने के लिए हल्कालाठी चार्ज किया है. इसके बाद पथ संचलन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
Tags: