अहमदाबाद: अहमदाबाद के निकोल थाना क्षेत्र में एक निजी यूनिवर्सिटी की छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है. पीड़िता ने अपने ही क्लास में पढ़ने वाले हार्दिक पंचाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि युवक ने पहले प्रेम संबंध बनाया और शादी का भरोसा दिलाकर युवती का विश्वास हासिल किया. इसके बाद उसकी मर्जी के खिलाफ कई बार शारीरिक संबंध बनाए.
निकोल पुलिस के मुताबिक, छात्रा कॉलेज के दूसरे वर्ष में पढ़ रही थी. दिसंबर 2025 में उसकी मुलाकात और दोस्ती अमराईवाड़ी निवासी हार्दिक पंचाल से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. हार्दिक ने युवती से कहा था कि उसने अपने पिता को इस रिश्ते के बारे में बता दिया है और जल्द ही दोनों शादी करेंगे.
पीड़िता के अनुसार, इसी भरोसे का फायदा उठाकर हार्दिक मार्च महीने में उसे एक होटल में ले गया. वहां उसने युवती की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए. आरोप है कि इसके बाद भी युवक अलग-अलग होटलों में उसे ले जाकर कई बार उसकी मर्जी के खिलाफ संबंध बनाता रहा. युवती का कहना है कि शादी का वादा करके आरोपी ने उसके साथ लगातार शोषण किया.
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कुछ समय पहले हार्दिक ने युवती से कहा कि उसके पिता अशोक पंचाल को टेक्सटाइल कारोबार में नुकसान हुआ है और उसे आर्थिक मदद की जरूरत है. छात्रा ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपना रवैया बदल लिया और युवती को उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा.
आरोप है कि धमकी से डरकर युवती ने 7 जून से 12 अगस्त के बीच अपने घर के लॉकर में रखे अपनी बड़ी बहन के सोने के गहने हार्दिक को दे दिए. इन आभूषणों का कुल वजन 144.51 ग्राम बताया गया है, जबकि उनकी कीमत 14 लाख रुपये से अधिक थी. युवती के मुताबिक, हार्दिक ने भरोसा दिलाया था कि वह इन्हीं डिजाइन के नए गहने बनवाकर वापस कर देगा.
पुलिस के मुताबिक, युवती ने हार्दिक के साथ मिलकर इन आभूषणों को बेच दिया. मामला तब खुला जब युवती की बहन अपने ससुराल से घर आई और लॉकर में रखे गहने गायब मिले. इसके बाद युवती के पिता ने उससे सख्ती से पूछताछ की. पिता प्लंबर का काम करते हैं. पूछने पर युवती ने बताया कि उसने गहने हार्दिक को दिए थे.
गहनों के गायब होने की जानकारी मिलने के बाद युवती के पिता ने हार्दिक से फोन पर बात की. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने उसके माता-पिता से भी संपर्क किया. शिकायत के मुताबिक, वहां से भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. बाद में हार्दिक ने युवती से कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं, इसलिए वह उसी डिजाइन के गहने बनवाकर वापस नहीं कर सकता.
इसके बाद भी युवती ने जब आभूषण वापस करने को लेकर दबाव बनाया तो हार्दिक ने कथित तौर पर उसे दोबारा धमकाया. उसने कहा कि अगर उसने गहनों को लेकर उसे परेशान किया तो उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. लगातार धमकियों के चलते युवती डर गई, लेकिन आखिरकार उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया.
निकोल थाने के इंस्पेक्टर एसए देसाई ने बताया कि शिकायत के आधार पर अमराईवाड़ी निवासी हार्दिक पंचाल के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 65(2)(m), 316(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित पंचनामा किया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है. शिकायत में युवती ने प्रेम संबंध के दौरान शादी का भरोसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाने, बाद में अश्लील तस्वीरों के नाम पर डराने और उसकी बहन के सोने के आभूषण बिकवाने के आरोप लगाए हैं. जांच के दौरान पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ और आर्थिक लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल करेगी.
निकोल पुलिस के अनुसार, आरोपी हार्दिक पंचाल फिलहाल फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के दौरान होगी.
Tags: