ऊना। पंजाब के गज्जर में शादी समारोह के दौरान हुई कहासुनी के बाद तेजधार हथियार से हमले में घायल हुए हरोली क्षेत्र के युवक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को युवक का शव पोलियां बैरियर पर सडक़ पर रखकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और सडक़ जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी युवक पर हमला करने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया और इस मामले को लेकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बताते चलें कि हरोली क्षेत्र के गांव बोलेवाल निवासी स्माइल खान पर गत 25 अक्तूबर को पंजाब के गज्जर में एक शादी समारोह के दौरान हमला हुआ था।
बताया जा रहा है कि समारोह में डीजे पर नाचने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया और स्माइल खान पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। पीजीआई चंडीगढ़ में युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। बुधवार को ग्रामीणों ने पोलियां बैरियर पर शव सडक़ पर रखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।