पीएम मोदी की अपील का असर, जज बंसल ने अपनाई सादगी, 3 किमी साइकिल से सफर
ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
Jabalpur जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “आर्थिक आत्मरक्षा” और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर जबलपुर में देखने को मिला, जब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल ने अपने आवास से करीब 3 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर कोर्ट पहुंचे।
यह घटना मंगलवार को सामने आई, जब जस्टिस डीडी बंसल बिना सरकारी वाहन या काफिले के साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे। उनके इस कदम ने न सिर्फ कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि यह सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया।
सूत्रों के अनुसार, जस्टिस बंसल ने यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील से प्रेरित होकर की, जिसमें उन्होंने नागरिकों से ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण और सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाने की बात कही थी। कोर्ट पहुंचने पर कई वकीलों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना की और इसे एक सकारात्मक संदेश बताया। उनका कहना था कि यदि उच्च पदों पर बैठे लोग भी इस तरह की पहल करें, तो समाज में बड़ा बदलाव आ सकता है।
जस्टिस बंसल का यह कदम “ग्रीन और सस्टेनेबल लाइफस्टाइल” को बढ़ावा देने वाला माना जा रहा है। इससे पहले भी देश में कई न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास किए जाते रहे हैं, लेकिन यह मामला खास तौर पर चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों ने इसे प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह कदम आम जनता को भी वाहन उपयोग कम करने और पर्यावरण के प्रति जागरूक होने का संदेश देता है।