रैपर-सिंगर बादशाह ने फैंस का 'लड्डू' से कराया परिचय, शेयर की प्यारी तस्वीर
Mumbai मुंबई। रैपर और सिंगर बादशाह ने अपने प्रशंसकों के साथ एक प्यारा पल साझा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने पहले डॉगी ‘लड्डू’ से फैंस को मिलवाया। शेयर की गई तस्वीर में बादशाह कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके सामने लड्डू खड़ा दिखाई दे रहा है। तस्वीर शेयर करते हुए बादशाह ने लिखा, “मेरा पहला प्यारा डॉगी लड्डू।” उनकी यह पोस्ट उनके संगीत से अलग निजी जिंदगी की एक खास झलक दिखाती है।
बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह है। उन्होंने भारतीय हिप-हॉप और कमर्शियल म्यूजिक में अपनी अलग पहचान बनाई है। अपने संगीत करियर की शुरुआत उन्होंने हिप-हॉप ग्रुप ‘माफिया मुंडीर’ से की थी। इसके बाद उन्होंने सोलो करियर की शुरुआत की और लगातार कई लोकप्रिय गाने दिए। बादशाह को ‘सैटरडे सैटरडे’ से बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उनके कई गाने लोगों के बीच लोकप्रिय हुए। बॉलीवुड में उनके चर्चित गानों में ‘अभी तो पार्टी शुरू हुई है’, ‘कर गई चुल’, ‘काला चश्मा’, ‘ब्रेकअप सॉन्ग’, ‘गर्मी’ और ‘नैना’ शामिल हैं।
फिल्मी गानों के अलावा बादशाह के स्वतंत्र गानों ने भी खूब लोकप्रियता हासिल की। ‘डीजे वाले बाबू’, ‘मर्सी’, ‘पागल’, ‘गेंदा फूल’, ‘पानी पानी’, ‘जुगनू’ और ‘शी मूव इट लाइक’ जैसे गाने उनके चर्चित गानों में शामिल हैं। बादशाह अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। मार्च 2026 में उन्होंने पंजाबी अभिनेत्री ईशा रिखी से निजी समारोह में शादी की थी। जून में ईशा ने शादी की पुष्टि की थी। बाद में 31 अगस्त को दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा की और अपने रिश्ते को लेकर निजता बनाए रखने की अपील की थी। अब इन चर्चाओं के बीच बादशाह ने अपने प्यारे डॉगी ‘लड्डू’ की तस्वीर साझा कर प्रशंसकों को अपनी जिंदगी की एक नई झलक दिखाई है।