घर में घुसकर महिला के साथ किया दुष्कर्म, कनपटी पर बंदूक लगाकर डराया

जांच में जुटी पुलिस

Update: 2024-05-01 12:53 GMT
पलवल। हरियाणा के पलवल में विवाहिता को घर पर अकेली देखकर बंदूक के बल पर धमकी दे दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। किसी को बताने पर उसको उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला को ब्लैकमेल कर आरोपी लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। विरोध करने पर मारपीट भी की। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने दी शिकायत में कहा है कि उसका पति फौज में नौकरी करता है। इसलिए अक्सर घर से बाहर रहता है। उसका आरोप है कि पड़ोस में ही रहने वाला कुलदीप नामक युवक अक्सर उसके घर आता-जाता रहता है।

एक दिन उसका पति घर पर नहीं था और वह रात के समय अपने बच्चों के साथ घर पर ही मौजूद थी। महिला ने कहा कि रात के समय आरोपी उसके घर में घुस आया और उसकी कनपटी पर बंदूक लगा कर जबरदस्ती करने लगा। उसके विरोध करने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म किया। उसके बाद आरोपी ने कई बार ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने बताया कि 28 अप्रैल को भी आरोपी ने रात के समय घर में घुसकर फिर से उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की। शोर सुनकर परिवार वाले आ गए तो आरोपी ने उनके साथ भी झगड़ा किया। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags:    

Similar News