यूपी। उत्तर प्रदेश की श्रावस्ती लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के लिए रामपुर और मुरादाबाद जैसी स्थिति हो गई. हालांकि काफी उहापोह के बाद आखिरकार अधिकृत प्रत्याशी का पत चल गया है. नामांकन पत्रों की जांच के बाद जिला प्रशासन ने राम शिरोमणि वर्मा को सपा का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया गया है.
समाजवादी पार्टी ने श्रावस्ती लोकसभा सीट पर पहले बीएसपी से निष्कासित सांसद राम शिरोमणि वर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया था. वह अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर चुके थे, लेकिन बीते रविवार को अचानक पूर्व विधायक और कांग्रेस के प्रदेश महासचिव धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू के सपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई. धीरू सिंह के समर्थकों ने पटाखे दाग कर जश्न भी मनाया. नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने सपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.
धीरू सिंह के नामांकन करने के तुरंत बाद राम शिरोमणि वर्मा भी सपा प्रत्याशी के रूप में दूसरा सेट नामांकन करने पहुंच गए और खुद को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बताते हुए नामांकन पत्र दाखिल किया. साथ ही धीरू सिंह के प्रत्याशी निरस्तीकरण का एक पत्र भी दाखिल किया. 7 मई को नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई. इस बीच दोनों प्रत्याशी कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी-अपनी दावेदारी पेश करने में लगे रहे.