राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला, RSS का पहला बयान आया

देखें वीडियो.

Update: 2026-07-03 10:04 GMT

नई दिल्ली: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS का पहला बयान आया है. इसमें कहा गया है कि इस घटना से राम भक्तों की भावना को चोट पहुंची है. ऐसे में दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने बयान जारी किया है.

बयान में लिखा है कि, 'राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केन्द्र बना है.'
आगे लिखा गया है कि रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी दुर्भाग्यपूर्ण है. इससे समूचे समाज और राम भक्तों (RSS समेत) की भावना और श्रद्धा को आघात पहुंचा है. दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे उन्हें कड़ी सजा मिले, ये जरूरी है.
बयान में आगे लिखा गया है कि RSS और पूरे हिंदू समाज की यह स्वाभाविक उम्मीद है कि राम मंदिर के दान से जुड़ी कथित चोरी जैसी गंभीर घटना को हल्के में नहीं लिया जाएगा. इसे एक असाधारण मामला मानकर मंदिर की व्यवस्था और प्रबंधन में जो भी कमियां हैं, उन्हें तुरंत दूर किया जाएगा, ताकि करोड़ों रामभक्तों का मंदिर पर भरोसा और आस्था बनी रहे.
संघ का कहना है कि अभी लोगों के बीच भ्रम और सवालों की स्थिति है, जिसे खत्म करना जरूरी है. इसके लिए मंदिर प्रबंधन और सरकार द्वारा बनाई गई विशेष जांच टीम (SIT) सभी जरूरी कदम उठाए. संघ ने भरोसा जताया कि अगर वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी हो, मंदिर का संचालन सही ढंग से हो और धार्मिक पवित्रता बनी रहे, तो श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट हिंदू समाज के विश्वास और आस्था को पहले की तरह मजबूत बनाए रखेगा.
'हो सकता है जेल जाएं चंपत राय'
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय से लेकर, अनिल मिश्रा, गोपाल राव की मुश्किल बढ़ती जा रही हैं. चढ़ावा चोरी मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है, और कई बड़े खुलासे भी हुए हैं. अब इस मामले में बीजेपी नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने कहा, यह स्पष्ट है कि धन का गबन किया गया है. मैंने इस मामले पर मोदी जी से बात की है. उन्होंने बताया कि हो सकता है कि आने वाले दिनों में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा जेल जाएं.
वहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गुरुवार को जांच के लिए गठित SIT ने अयोध्या में करीब 8 घंटे तक मैराथन जांच की. इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों से भी पूछताछ किए जाने की चर्चा है. सूत्रों की मानें तो दोपहर 1:40 से रात 8:30 बजे तक जांच चली. IPS किरण एस की मौजूदगी में SIT की टीम मंदिर परिसर पहुंची और पूरे मामले की गहन पड़ताल की.
इस बीच राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि अनुकल्प मिश्रा के नाम पर मंदिर में व्यवस्था कार्यकर्ता के रूप में प्रवेश पास जारी किया जाता था.
आरोप है कि मंदिर के हर विशेष कार्यक्रम के दौरान उनके नाम से पास बनाया जाता था. दावा किया जा रहा है कि इसी व्यवस्था कार्यकर्ता वाले पास के जरिए उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश मिलता था. आरोप यह भी है कि इसी पास के आधार पर वह चढ़ावे की राशि की गणना (काउंटिंग) की प्रक्रिया में शामिल होता था.
वहीं, इस मामले में एक अन्य आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के भाई दिनेश यादव पहली बार मीडिया के सामने आए. दिनेश ने चंपत राय और अनिल मिश्रा पर अपने भाई को फंसाने का आरोप लगाया. दिनेश ने बताया कि टिन्नू यादव पूरी तरह निर्दोष है और बड़े पदाधिकारी खुद को बचाने के लिए उसे मोहरा बना रहे हैं.
Tags:    

Similar News

null