फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ में शाही लवाजमे के साथ निकली रैली

Update: 2024-04-18 12:57 GMT
सीकर। सिर पर भगवा साफा, गले में भगवा दुपट्टा, भगवा ध्वज लगी बाइकों की कतारें, डीजे पर बज रहे मुझे चढ़ गया भगवा रंग... गाने पर झूमते युवक, युवतियां, महिलाएं और पुरुष तथा जयश्रीराम के उद्घोष के साथ उनपर पुष्पवर्षा करते कस्बेवासी। कस्बे में रामनवमी की पूर्व संध्या पर मंगलवार को विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित भगवा रैली में कुछ ऐसे ही दृश्य देखने को मिले। सायं 4 बजे यहां घंटाघर के पास लालकुआं दुर्गा पूजा स्थल पर भगवान राम की आराधना के साथ शुरू हुई भगवा रैली रघुनाथजी का बड़ा मंदिर, पुराना बस स्टैंड, चौपड़ बजार, मुरली मनोहर मंदिर, पक्की प्याऊ, कबूतरियां कुआ, सेठों का बाजार, सर्वसिद्धि विनायक गणेश मंदिर, खाटू की कुई तथा जैन मंदिर के सामने से होती हुई वापस घंटाघर आकर संपन्न हुई। भगवा रैली में सांसद सुमेधानंद सरस्वती, भाजपा नेता सुभाष महरिया, दिनेश जोशी, नवरंग चौधरी, राजकुमार महला, वरिष्ठ पार्षद पवन वाल्मीकि, भाजपा जिला मंत्री गोपाल लाटा, नगर अध्यक्ष मधु दायमा, नेता प्रतिपक्ष ललित पुरोहित, आलोक पाराशर, ललित पंवार, विष्णु भूत, अरुण चौधरी आदि शामिल हुए।

रैली में रामलला एवं नाथपंथ के अवधूत ब्रह्मलीन संत रतिनाथ महाराज की प्रतिमाओं को झांकी के रूप में सजाया गया था। फतेहपु कस्बे में रामनवमी के अवसर पर मंगलवार को शाही लवाजमे के साथ भगवा रैली निकाली गई। भगवा रैली का आयोजन नववर्ष आयोजन समिति और कस्बे के लोगों ने किया। गढ़ परिसर से दोपहर तीन बजे शुरू हुई भगवा रैली में हजारों लोगों ने भाग लिया। करीब चार किमी तक निकाली गई रैली में नृत्य करते ऊँट और घोड़े, घोडी नृत्य छटा बिखेर रहे थे। वहीं रतनगढ़ के कलाकारों ने संत प्रेमानंद और उनके शिष्यों की प्रतिकृति बनाई। वहीं महाकाल और उनके गणों का तीव्र गति से किया गया अग्नि नृत्य, मसान नृत्य जुलूस में शामिल लोगों को रोमांच की अनुभूति करवा रहा था। महाबलि हनुमान और महाकाय शिव की झांकी, राधा कृष्ण की निराली छवि, नगर के सबसे अर्वाचीन मंदिर सीताराम भगवान के दिव्य विग्रह का नगर भ्रमण सहित अन्य कई झांकिया सजाई गई।
Tags:    

Similar News