नई दिल्ली: बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है. इस चुनाव में महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उसके चार विधायकों ने वोट नहीं डाला. जानकारी के मुताबिक फैसल रहमान (राजद) ने मतदान नहीं किया, जबकि कांग्रेस के तीन विधायक मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास ने भी अपना वोट नहीं डाला. इसके कारण महागठबंधन के विधायकों का आंकड़ा 37 पर ही रुक गया. वहीं एनडीए के सभी 202 विधायकों ने मतदान किया है. ऐसे में एनडीए के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार की जीत लगभग तय मानी जा रही है. अनुमान है कि उन्हें एनडीए के 38 वोट मिल सकते हैं, जबकि आरजेडी उम्मीदवार एडी सिंह को 37 वोट मिलने की संभावना है. मतदान खत्म होने के बाद अब थोड़ी देर में मतगणना शुरू होगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे. 

ओडिशा में कांग्रेस विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग
ओडिशा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. सूत्रों के मुताबिक, तीन विधायकों ने बीजेपी समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में वोट डाला. इनके नाम रमेश जैना, दसरथो गोमागो और सोफिया फिरदौस ने क्रॉस वोटिंग की है. 
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज वोटिंग जारी है. सबकी नजर विशेष रूप से बिहार, हरियाणा और ओडिशा पर है जहां रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है. दरअसल इस बार राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव होना था जिसमें से 26 कैंडिडेट पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं. अब बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटों पर आज वोटिंग है.
Tags: