रायपुर में गांजा तस्करों पर शिकंजा, तीन जगह कार्रवाई 4 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़
Raipur रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ वेस्ट जोन पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है। सरस्वती नगर, कबीर नगर और टिकरापारा पुलिस ने कुल 14.555 किलोग्राम गांजा जब्त करने का दावा किया है। तीनों मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक गांजा, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 9 लाख 56 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को सरस्वती नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटा स्थित वाटिका नगर के खाली मैदान के पास ई-रिक्शा में दो व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ईशु दास क्षत्रिय और संजु महानंद को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस को पान मसाला की पैकिंग के अंदर प्लास्टिक टेप में लिपटा 9.440 किलोग्राम गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन लाख रुपये कीमत का ई-रिक्शा भी जब्त किया गया। इस कार्रवाई में कुल 7.50 लाख रुपये का सामान जब्त हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इसी दिन कबीर नगर पुलिस ने फेस-04 इलाके में घेराबंदी कर गुरमीत मार्कण्डेय और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पुलिस का दावा है कि उनके पास से अलग-अलग पैकेटों में कुल 2.615 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ दो मोबाइल फोन और एक TVS Raider मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त सामान की कुल कीमत 81,500 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई है। तीसरी कार्रवाई 23 सितंबर को टिकरापारा थाना क्षेत्र के भाठागांव बस स्टैंड में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गेट नंबर-1 के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर शैफ अली उर्फ बाबू जीएसटी को पकड़ा।
तलाशी में पीले रंग के थैले के अंदर प्लास्टिक टेप से लिपटे पैकेट से 2.500 किलोग्राम गांजा मिलने का दावा किया गया। इसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस तरह 48 घंटे के भीतर तीनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 14.555 किलोग्राम गांजा जब्त किया। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के साथ मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।