Raipur. रायपुर। डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) की टीम ने कर्नाटक के दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सरस्वती नगर और पंडरी थाना क्षेत्रों में मकानों और हॉस्टल से लैपटॉप और मोबाइल फोन चोरी की घटनाओं में संलिप्त थे। आरोपियों के कब्जे से 03 लैपटॉप और 03 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 2,00,000 रुपये बताई गई है। घटनाओं की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी शांतनु त्रिवेदी ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 31.03.2026 की सुबह 07:00 बजे उनके कमरे से 02 लैपटॉप और 01 मोबाइल फोन चोरी हो गया। प्रार्थी का मित्र विवेक कुमार लहरे सुबह 08:00 बजे लौटकर आया और चोरी का पता चला। इसी प्रकार, दिनांक 30.03.2026 को स्टीवन नोवेल लुकश ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि स्वास्तिक ब्वाय हॉस्टल में उनका 01 लैपटॉप और 02 मोबाइल फोन चोरी हो गया।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल, आसपास के क्षेत्र और लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही, मुखबिर सूचना और संदिग्ध व्यक्तियों के पिछले अपराध रिकॉर्ड के आधार पर संभावित आरोपियों की पहचान की गई। सूचना के आधार पर टीम ने गंज क्षेत्र के नर्मदापारा में दबिश दी और दो अंतर्राज्यीय आरोपियों एन. अनजी और एस. मुरुगेश को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए 03 लैपटॉप और 03 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों आरोपी मूलतः कर्नाटक राज्य के कोलर जिले के निवासी हैं और अंतर्राज्यीय स्तर पर घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदातों के बाद वे तुरंत अन्य स्थानों पर चले जाते थे। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि दोनों ने अन्य स्थानों पर किन-किन घटनाओं को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी:
एन. अनजी, पिता नारायण अप्पा, उम्र 21 वर्ष, निवासी ममलेश्वर स्वामी मंदिर के पीछे थाथेपली थाना बेथमगला जिला कोलर (कर्नाटक), हाल पता – नर्मदा पारा किराये का मकान थाना गंज, रायपुर।
एस. मुरूगेश, पिता एस. सुब्रमणी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ममलेश्वर स्वामी मंदिर के पीछे थाथेपली थाना बेथमगला जिला कोलर (कर्नाटक), हाल पता – नर्मदा पारा किराये का मकान थाना गंज, रायपुर।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 67/26 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस तथा थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 70/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें और अपने मकानों में सुरक्षा उपायों का ध्यान रखें।