नई दिल्ली: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "रक्षाबंधन की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। स्नेह के धागों से बंधा भाई-बहन का यह अटूट रिश्ता प्रेम और विश्वास के साथ और भी मजबूत हो।"
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी एक पोस्टर शेयर किया, जिसमें 'हैप्पी रक्षाबंधन' लिखा था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी 'एक्स' पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "रक्षाबंधन का पावन पर्व भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और अटूट रिश्ते का उत्सव है। यह पर्व हमें आपसी सम्मान, समानता और एक दूसरे के प्रति जिम्मेदारी की भावना से भी जोड़ता है।"
मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा कि यह त्योहार जाति, धर्म और पंथ की सीमाओं से ऊपर उठकर बंधुत्व और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है। यह हमारे समाज की खूबसूरत परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि राखी का यह पवित्र बंधन सभी देशवासियों के जीवन में प्रेम, एकजुटता और सद्भाव को और मजबूत करे।
बता दें कि रक्षाबंधन भाई और बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और एक-दूसरे की रक्षा के अटूट संकल्प का त्योहार है। यह हर साल श्रावण मास की पूर्णिमा (सावन पूर्णिमा) के दिन मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र या राखी बांधती हैं, उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, और भाई उनकी जीवनभर रक्षा करने का वचन देते हैं।
रक्षाबंधन को लेकर कई पौराणिक कथाएं भी हैं, जिनमें श्रीकृष्ण और द्रौपदी, राजा बलि और माता लक्ष्मी इंद्रदेव और इंद्राणी की कथाएं मुख्य मानी जाती है।