राहुल गांधी ने ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की तस्वीर शेयर कर PM मोदी पर साधा निशाना
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की साथ बैठी तस्वीर को लेकर X पर पोस्ट किया है.
राहुल गांधी ने लिखा, "अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर बैठे होते." उन्होंने आगे कहा, "समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता." राहुल गांधी का यह पोस्ट दुनिया के तीन बड़े नेताओं की एक साथ बैठी तस्वीर को लेकर आया है. उन्होंने इस तस्वीर के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा और भारत के प्रधानमंत्री की वैश्विक मंच पर मौजूदगी को लेकर सवाल उठाया.
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कांग्रेस के सत्ता में होने की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि तब भारत के प्रधानमंत्री भी इन नेताओं के साथ टेबल पर बैठे होते. राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री के लिए 'Compromised PM' शब्द का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता.
दरअसल, APEC समिट और अहम बैठकों के लिए चीन के शेनझेन डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन गए थे. इसी दौरान जिनपिंग, ट्रंप और पुतिन की मीटिंग हुई. राहुल ने इसी तस्वीर को एक्स पर शेयर करते हुए निशाना साधा है. प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कांग्रेस की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान भारत की विदेश नीति में पाकिस्तान को केंद्र में रखा गया और देश की सुरक्षा से समझौता किया गया.
प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि 2013 में भारत BRICS की सदस्यता खोने की स्थिति में था और वैश्विक कूटनीति में उसकी भूमिका कमजोर हुई थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की स्थायी सदस्यता चीन को दे दी थी.