नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने पेलेट गन केस में साहिल लोचब की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. एफआईआर में आरोपी कॉलम में किसी व्यक्ति का नाम शामिल नहीं है. इस बीच रणदीप सुरजेवाला और प्रियंका गांधी इस वक्त डीसीपी कार्यालय में मौजूद हैं.

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर एफआईआर दर्ज करवाने को लेकर राहुल गांधी धरने पर बैठे है. यह पूरा मामला 20 जुलाई को CJP के मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प से जुड़ा है, जिसमें कथित तौर पर पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ था. यह आंदोलन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 जून को शुरू हुआ और प्रधान के इस्तीफे के बाद 25 जुलाई को खत्म हुआ.

राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज
राहुल गांधी के धरने के चलते लंबा जाम लगा हुआ है. अधिवक्ता संकेत गुप्ता ने राहुल गांधी और अन्य लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त के कार्यालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. यह शिकायत नई दिल्ली जिला के डीसीपी कार्यालय के बाहर कथित तौर पर हुए गैरकानूनी जमावड़े और धरना प्रदर्शन को लेकर की गई है. अपनी शिकायत में उन्होंने दिल्ली पुलिस से जांच करने का अनुरोध किया है कि क्या यह प्रदर्शन जरूरी अनुमति के बिना किया गया था और क्या इससे पुलिस कार्यालय के कामकाज, सुरक्षा कर्मियों तथा अपनी शिकायतों और अन्य कामों के लिए पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचने वाले आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी या बाधा हुई. संकेत गुप्ता ने पुलिस आयुक्त से पूरे मामले की गहन जांच कराने और अगर कोई अपराध बनता है तो जिम्मेदार पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ उचित मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि कानून सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए. कोई भी राजनीतिक नेता संविधान या कानून के शासन से ऊपर नहीं है.
जेपी नड्डा ने साधा राहुल पर निशाना
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आज पूरा देश राहुल गांधी की सस्ती राजनीति को देख रहा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का आज का धरना न तो न्याय के लिए है और न ही बच्चों के लिए. यह सिर्फ राहुल गांधी की फुटेज खाने की भूख है.
गिरिराज सिंह बोले - राहुल गांधी नौटंकी कर रहे हैं
दिल्ली में थाने में राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, 'सुप्रीम कोर्ट खुद कमेटी बना रही है, उसके बाद राहुल गांधी थाना पहुंचते हैं, डीसीपी ऑफिस पहुंचते हैं नौटंकी करने के लिए, यह देश के लोग जानते हैं. राहुल गांधी जी सिर्फ नौटंकी ही कर सकते हैं.'
राहुल गांधी के धरने पर रविशंकर प्रसाद का हमला, बोले- कानून का सम्मान करें
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना अनुमति या पूर्व सूचना के थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं. रविशंकर प्रसाद के मुताबिक, पुलिस ने राहुल गांधी को बताया है कि जिस घटना का वह जिक्र कर रहे हैं, उसमें पहले ही FIR दर्ज हो चुकी है और जांच जारी है.
थाने में प्रियंका गांधी भी धरने पर बैठीं
दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में राहुल गांधी के साथ छात्रों के समर्थन में चल रहे प्रदर्शन में शामिल हो गई हैं.
Tags: