रायबरेली की सड़कों पर राहुल गांधी का सवाल, गड्ढों की तस्वीर दिखाकर अफसरों से मांगा जवाब
रायबरेली: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक में जिले की सड़कों की खस्ता हालत का मुद्दा उठाया. उन्होंने बैठक के दौरान जिला प्रशासन को गड्ढों वाली सड़कों की तस्वीरें दिखाईं और जिलाधिकारी से सड़कों की स्थिति को लेकर जवाब मांगा.
राहुल गांधी ने जिलाधिकारी से पूछा कि जिले में सड़कों की हालत खराब क्यों है और इनके रखरखाव को लेकर क्या कार्रवाई की जा रही है? इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि बारिश की वजह से कुछ सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं. इनमें से कई सड़कों की मरम्मत करा दी गई है, जबकि बाकी सड़कों की निगरानी और मरम्मत का काम लोक निर्माण विभाग (PWD) देख रहा है.
मीटिंग के दौरान राहुल गांधी ने रायबरेली में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की भी समीक्षा की. उन्होंने स्थानीय स्तर पर विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और जरूरी कामों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया.
बता दें कि राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे थे. दौरे के दौरान उन्होंने व्यापारियों, वकीलों, फार्मासिस्टों और अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने प्रतिनिधिमंडलों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और समाधान के प्रयास किए जाएंगे.
राहुल गांधी ने प्रभु टाउन में व्यापारियों से मुलाकात की. इस दौरान सराफा कारोबारियों ने सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी और आभूषणों पर लगने वाले जीएसटी समेत कारोबार से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं. कांग्रेस नेता ने उनकी समस्याओं को संसद में उठाने का आश्वासन दिया.
इससे पहले राहुल गांधी का काफिला कोटवा मदानिया के पास कुछ देर रुका था, जहां बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं. इसके बाद उनका काफिला महाराजगंज होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा था.