मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर बड़ा एक्शन, 19 छात्र सस्पेंड
क्लीन शेव और खास हेयरस्टाइल का दबाव.
जयपुर: राजस्थान के बाड़मेर में हुई रैगिंग की घटना के तुरंत बाद जोधपुर से भी इसी तरह की एक और घटना सामने आई है। जोधपुर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जूनियर एमबीबीएस छात्रों के साथ रैगिंग और दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच के बाद एक जूनियर रेजिडेंट सहित 19 लोगों को सस्पेंड कर दिया है।
एक जूनियर रेजिडेंट समेत 5 छात्रों 3 महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है जबकि बाकी 14 छात्रों को 1 महीने के लिए सस्पेंड किया गया है। सस्पेंशन की अवधि के दौरान इन सभी छात्रों को क्लिनिकल पोस्टिंग, शैक्षणिक गतिविधियों और शैक्षिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने से रोक दिया गया है। साथ ही, उनके कॉलेज हॉस्टल, लाइब्रेरी और रीडिंग रूम में जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है।
यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (यूजीसी) की एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन पर मिली एक शिकायत के बाद की गई है। कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमिटी की जांच में आरोपी छात्रों को गंभीर दुर्व्यवहार, अभद्र व्यवहार और जूनियर छात्रों पर अनुचित दबाव डालने का दोषी पाया गया। इसके बाद प्रिंसिपल ऑफिस ने सस्पेंशन के आदेश जारी कर दिए।
शिकायत के अनुसार, एमबीबीएस के फर्स्ट ईयर के छात्रों ने आरोप लगाया कि सीनियर छात्रों ने उन्हें डराया-धमकाया, अपमानित किया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। साथ ही, उन पर मनमाने नियम भी थोपे गए।
यह विवाद 28 अक्टूबर को कॉलेज परिसर में आयोजित 'क्लीन कैंपस ड्राइव' के दौरान शुरू हुआ। जूनियर छात्रों का आरोप है कि 2025 बैच के सीनियर छात्र उन्हें क्लीन-शेव रहने, एक खास तरह का हेयरस्टाइल रखने, लंबे समय तक खड़े रहने और फॉर्मल कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर रहे थे।
इस घटना के बाद छात्रों ने यूजीसी की एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन पर संपर्क किया, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग पर रोक लगाने और नए छात्रों के लिए एक सुरक्षित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की है।
इससे पहले, राजस्थान के बाड़मेर स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज ने 80 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। यह कार्रवाई उन शिकायतों की जांच के बाद की गई, जिनमें आरोप था कि सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को अश्लील व्हाट्सएप मैसेज भेजे, उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया। कॉलेज प्रशासन ने अपनी एंटी-रैगिंग कमेटी की जांच और सिफारिशों के आधार पर ये दंड लगाए।