राधिका की जंगल में मिली लाश, गर्दन में फंसी मिली रस्सी

जांच में जुटी पुलिस

Update: 2024-05-10 17:43 GMT
अलीगढ़। अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र के मिर्जापुर रठ गांव के जंगलों में बुधवार को मिले महिला के शव की पहचान हो गई है। महिला मथुरा की रहने वाली थी और उसका नाम राधिका है। अलीगढ़ में वह अपना मकान बेंचने के लिए आई थी। इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया था और परिवार से भी उसकी बात नहीं हो पा रही थी। जिसके बाद उसका शव जंगल में बरामद हुआ था। पहले महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई थी और पुलिस ने उसके शव को मोर्चरी में रखवाया था। लेकिन महिला के पति को इसकी जानकारी हुई तो वह सीधे मथुरा से अलीगढ़ आ गया और उसने शव की शिनाख्त कर ली। जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अलीगढ़ के इगलास के गांव कालीजरी निवासी मनोज कुमार पुत्र महावीर प्रसाद का अलीगढ़ के बेगम बाग इलाके में घर है।
लेकिन वह पिछले कुछ सालों से अपनी पत्नी राधिका और दो बच्चों के साथ मथुरा में ही रह रहे थे और जंक्शन में एक टाइल्स शोरूम में काम करते थे। वह अपने परिवार के साथ मथुरा में शिफ्ट हो गए थे, इसलिए वह अपने अलीगढ़ के मकान को बेंचना चाहते थे। मनोज ने बताया कि 2 मई को उनकी पत्नी मकान बेंचने के लिए अलीगढ़ आई थी और यहीं रुकी हुई थी। 4 मई को मनोज भी अलीगढ़ आए थे और एक दिन रुककर वापस चले गए थे। उनकी पत्नी ने मकान बेंचकर आने की बात कही थी। 7 मई की शाम को 6 बजे तक उनकी अपनी पत्नी से बात होती रही थी। जिसके बाद फोन बंद हो गया था और 8 मई को उनका शव मिला। महिला का शव जब जंगलों में मिला तो उसके गले में प्लास्टिक की मोटी रस्सी बंधी हुई थी और वह पूरी तरह से टाइट भी थी। देखने से ही प्रतीत हो रहा था कि महिला की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई है और इसके बाद शव को जंगल में लाकर फेंक दिया गया है। फारेंसिक की टीम ने मौके से डिजिटल साक्ष्य लिए थे, जिसमें फिंगर प्रिंट और दूसरे साक्ष्य शामिल हैं।
पीड़ित मनोज ने बताया कि 7 मई की शाम से उनकी अपनी पत्नी से बात नहीं हो पा रही थी, जिसके बाद वह परेशान थे और अलीगढ़ आने की तैयारी कर रहे थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जवां में शव मिलने की जानकारी हुई। जब उन्होंने वायरल हो रहे फोटो देखे तो यह उनकी पत्नी के थे। इसके बाद वह सीधे अलीगढ़ आ गए और पुलिस से संपर्क किया। मोर्चरी में उन्होंने अपनी पत्नी के शव को पहचान लिया। इस मामले में मिर्जापुर रठ गांव के प्रधान की ओर से तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित पति ने मकान और रुपयों की लालच में अपनी पत्नी की हत्या की आशंका जताई है। जिसके बाद पुलिस इस एंगल पर भी जांच में जुट गई है। सीओ थर्ड अमृत जैन ने बताया अज्ञात महिला की शिनाख्त हो गई है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच लगाजार जारी है। जल्दी ही घटना का खुलाया किया जाएगा।
Tags:    

Similar News