जवाली। लोक निर्माण विभाग जवाली के तहत घाडज़रोट-बलदोआ-परगोड मार्ग तथा हार-बलदोआ मार्ग पर एफडीआर तकनीक से चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इन मार्गों पर डाली जा रही कोलतार ही कई जगहों से उखडऩी शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माणकार्य में निर्धारित नियमों और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। अभी इन मार्गों पर बड़े ट्रक, टिप्पर और ट्रैक्टर तक नहीं चले हैं, बावजूद इसके कोलतार जगह-जगह से निकलने
लग गई है।


ऐसे में जब सडक़ पर नियमित यातायात शुरू होगा और क्रशर से निर्माण सामग्री लेकर आने वाले भारी टिप्परों की आवाजाही होगी, तो सडक़ की स्थिति और खराब हो सकती है। लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार से मांग की है कि इन मार्गों पर डाली जा रही कोलतार की गुणवत्ता की जांच करके ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता विजय ने बताया कि जहां-जहां कोलतार उखड़ी है, उन स्थानों पर ठेकेदार से दोबारा कोलतार डलवाई जाएगी।
Tags: