पंजाब चुनाव 2027: AAP ने जारी की दूसरी लिस्ट, 31 उम्मीदवार घोषित
कटे आठ विधायकों के टिकट
Punjab. पंजाब। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में 31 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। दूसरी सूची में नए चेहरों के साथ पुराने कार्यकर्ताओं को भी चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। वहीं, आठ मौजूदा विधायकों की जगह दूसरे उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। खास बात यह है कि आम आदमी पार्टी ने दो मौजूदा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारने का फैसला किया है। इनमें संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर का नाम शामिल है, जिन्हें बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। आम आदमी पार्टी ने अपनी दूसरी सूची में उन विधानसभा क्षेत्रों को भी शामिल किया है, जहां वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी के मुताबिक, जारी सूची में ऐसी 21 सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी गई है। इसके अलावा पार्टी ने आठ मौजूदा विधायकों की जगह अन्य चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है।
जालंधर की तीन प्रमुख सीटों पर उम्मीदवार घोषित
आम आदमी पार्टी ने जालंधर की तीन महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर भी अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी ने जालंधर सेंट्रल विधानसभा सीट से नितिन कोहली को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जालंधर नॉर्थ से वनीत धीर को टिकट दिया गया है। वहीं, जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र से दीपक बाली चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा आदमपुर विधानसभा सीट से पवन कुमार टीनू को उम्मीदवार बनाया गया है। कपूरथला विधानसभा क्षेत्र से दविंदर पाल सिंह रंगा और फगवाड़ा सीट से डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। पार्टी ने माझा और दोआबा क्षेत्र की कई अन्य विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से स्वर्ण एस सलारिया को टिकट दिया गया है, जबकि पठानकोट से रोहित स्याल को उम्मीदवार बनाया गया है। गुरदासपुर विधानसभा सीट से रमन बहल और दीना नगर से शमशेर सिंह चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा अमृतसर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र से करमजीत सिंह रिंटू और मजीठा सीट से तलवीर सिंह गिल को उम्मीदवार बनाया गया है।
पहलवान जस्सा पट्टी को मिला टिकट
आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची में कुश्ती जगत से जुड़े जसकंवर सिंह पट्टी का नाम भी शामिल है। कुश्ती जगत में जस्सा पट्टी के नाम से मशहूर पहलवान को पार्टी ने पट्टी विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। जसकंवर सिंह पट्टी ने 28 अप्रैल 2026 को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। वह अपनी टीम के साथ पार्टी में शामिल हुए थे। अब आम आदमी पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव में उतरने का अवसर दिया है।
अभिनेत्री सोनिया मान राजा सांसी से लड़ेंगी चुनाव
पंजाबी फिल्म जगत की अभिनेत्री और मॉडल सोनिया मान को भी आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने उन्हें राजा सांसी विधानसभा सीट से टिकट दिया है। सोनिया मान ने 23 फरवरी 2025 को आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में AAP का दामन थामा था। सोनिया मान पंजाबी फिल्मों के अलावा हिंदी और अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। वह किसान नेता बलदेव सिंह की बेटी हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जारी आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची में राजनीति के साथ खेल और फिल्म जगत से जुड़े चेहरों को भी प्रतिनिधित्व मिला है। पार्टी ने जहां पुराने कार्यकर्ताओं को अवसर दिया है, वहीं नए उम्मीदवारों को भी चुनावी मैदान में उतारा है। दूसरी सूची में 31 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाया है।