टाइगर रिजर्व रद्द करने की मांग पर प्रदर्शन, धौलपुर में हाईवे जाम और पथराव
Rajasthan राजस्थान। धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व को रद्द करने की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान शनिवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने कुछ समय के लिए हाईवे जाम कर दिया, जिसके बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दुकानों और पुलिस वाहन पर पथराव किए जाने की घटना सामने आई।
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि टाइगर रिजर्व को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने हाईवे को बाधित किया। बाद में प्रदर्शनकारियों में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने दुकानों पर पथराव किया और पुलिस के वाहन को भी निशाना बनाया।
एसपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन चल रहा है। प्रदर्शनकारी इस परियोजना को लेकर अपनी आपत्तियां जता रहे हैं और इसे रद्द करने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।