घर के गेट में खड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, इस वारदात को गैंगवार मान रही पुलिस
पढ़े पूरी खबर
दिल्ली। कंझावला इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने गुरुवार देर रात प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 37 साल के हरीश माथुर के तौर पर हुई है। पुलिस इस हत्याकांड को गैंगवार से जोड़कर देख रही है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
हरीश माथुर कराला गांव में परिवार के साथ रहता था। हरीश पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था और गांव में ही ऑफिस खोले हुए था। बताया जाता है कि वह हमेशा की तरह गुरुवार रात करीब 11 बजे ऑफिस बंद कर पैदल ही घर जा रहा था। हरीश का बीएसएम स्कूल के पास घर बन रहा था। वह इसी घर के आगे खड़ा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक आए और उन्होंने हरीश पर फायरिंग शुरू कर की। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने हरीश को चार गोलियां मारीं और फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर हरीश का भाई मनीष और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने हरीश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल से ही पुलिस को वारदात की सूचना मिली।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन हमलावर एक बाइक पर सवार हो कर आए थे। आरोपियों ने बाइक की नंबर प्लेट मोड़ी हुई थी। बदमाश वारदात के बाद बाइक से सोनीपत की तरफ भाग निकले। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। हरीश के परिवार में माता-पिता, छोटे भाई के अलावा, पत्नी और दो बेटे हैं। हरीश के पिता डीटीसी से अवकाश प्राप्त हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का फोरेंसिक एवं क्राइम टीम से मुआयना किया है। पुलिस को मौके से चार कारतूस के खोल मिले हैं। पुलिस ने हत्या एवं आर्म्स एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।