प्रोफेसर का कई PHD छात्राओं के साथ अफेयर, पत्नी का आरोप, पहुंची थाने

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-07-30 04:06 GMT

यूपी. 'मेरे पति के कई महिलाओं से संबंध हैं. विरोध करने पर वह मुझे मारते-पीटते हैं. कई बार बरसात में घर से बाहर खड़ा कर दिया. मेरे दोनों बच्चे भी इस वजह से परेशान हैं.' देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर की एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर ने अपने ही पति, जो संस्थान में प्रोफेसर हैं, के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर में ये गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत में दावा किया गया है कि पति के अपने विभाग की पीएचडी छात्राओं और महिला कर्मचारियों से कथित संबंध हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पति-पत्नी दोनों आईआईटी कानपुर में प्रोफेसर हैं और वर्षों से संस्थान परिसर में ही रह रहे हैं. अब यह पारिवारिक विवाद थाने तक पहुंच गया है.

एफआईआर के मुताबिक शिकायतकर्ता आईआईटी कानपुर के साइंस विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. उनके पति कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर हैं. दोनों की शादी वर्ष 2012 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं. पूरा परिवार आईआईटी परिसर में ही रहता है. महिला प्रोफेसर का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों से पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. दूसरी महिलाओं से कथित संबंधों को लेकर जब भी उन्होंने सवाल किए, उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया.

एफआईआर में महिला प्रोफेसर ने आरोप लगाया है कि उनके पति के अपने विभाग में पीएचडी कर रहीं कई छात्राओं से भी कथित संबंध थे. शिकायत के अनुसार आपसी विवाद के दौरान पति ने स्वयं यह बात स्वीकार की थी. इसके अलावा विभाग की दो महिला कर्मचारियों के साथ भी उनके कथित अवैध संबंध होने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, यह सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा एफआईआर में लगाए गए हैं.

महिला प्रोफेसर का आरोप है कि जब उन्होंने पति से इन संबंधों पर सवाल किया तो उनके साथ मारपीट शुरू हो गई. कई बार उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया. बरसात के दौरान भी घर के बाहर खड़ा रखा गया. उनका कहना है कि इस पूरे विवाद का असर दोनों बच्चों पर भी पड़ा और वे लगातार मानसिक तनाव में रहने लगे. शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई बार मामला इतना बढ़ गया कि आईआईटी परिसर के सुरक्षा विभाग को बीच-बचाव करना पड़ा.

एफआईआर में घरेलू हिंसा के कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. महिला प्रोफेसर का कहना है कि पति गुस्से में उन पर चाय और दूध फेंक देते थे. घर में तोड़फोड़ करते थे और शादी की यादगार तस्वीरों को भी जला दिया. शिकायतकर्ता का कहना है कि वह लंबे समय से इस प्रताड़ना को झेल रही थीं, लेकिन परिवार बचाने की कोशिश में चुप रहीं. महिला प्रोफेसर ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनके मुताबिक एक दिन उन्होंने पति के मोबाइल फोन में किसी महिला का कथित अश्लील वीडियो देख लिया. जैसे ही उन्होंने इस बारे में सवाल किया, पति सड़क की ओर भागे और वीडियो डिलीट कर दिया.

शिकायत में कहा गया है कि पति ने घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे. महिला प्रोफेसर का आरोप है कि इन कैमरों के जरिए उन पर और दोनों बच्चों पर हर समय नजर रखी जाती थी. इससे पूरा परिवार मानसिक दबाव और डर के माहौल में रहने लगा. महिला प्रोफेसर ने पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की है. उनका कहना है कि पति के कथित संबंधों और लगातार बढ़ते विवाद के कारण उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है. उन्होंने पुलिस से उचित सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Tags:    

Similar News