प्रधानमंत्री मोदी और पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क के बीच द्विपक्षीय वार्ता आज, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क गुरुवार को द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों नेता आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत करेंगे।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात कर सकते हैं। बैठक में रक्षा विनिर्माण, व्यापार, उभरती तकनीकों, अंतरिक्ष अनुसंधान और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर खास ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, रूस-यूक्रेन युद्ध, क्षेत्रीय सुरक्षा और भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) संबंधों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
डोनाल्ड टस्क बुधवार शाम नई दिल्ली पहुंचे। उनका यह तीन दिवसीय आधिकारिक भारत दौरा रक्षा, व्यापार और रणनीतिक क्षेत्रों में दोनों देशों के सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है। नई दिल्ली हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पोलैंड के प्रधानमंत्री के स्वागत में विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि यह उच्चस्तरीय दौरा भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को नई गति देगा और दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को अधिक मजबूत करेगा।
टस्क के साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की और एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। दिल्ली में राजनयिक बैठकों के अलावा पोलिश प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली और बेंगलुरु में आयोजित होने वाले व्यापारिक कार्यक्रमों में भी भाग लेगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में यह टस्क की दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले उन्होंने 2010 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान भारत का दौरा किया था। प्रधानमंत्री मोदी और टस्क की पिछली मुलाकात 2024 में हुई थी, जब प्रधानमंत्री ने वारसॉ का ऐतिहासिक दौरा किया था। उसी दौरान दोनों देशों के रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।
दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद टस्क बेंगलुरु जाएंगे। वहां वह सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों समेत विभिन्न व्यापारिक हितधारकों से मुलाकात करेंगे। भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम का आयोजन 22 अक्टूबर को नई दिल्ली और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु में किया जाएगा।