भक्तिमय माहौल के बीच पुजारी की मौत, हार्ट अटैक से थम गई सांसें

देखें वीडियो.

Update: 2026-07-15 03:26 GMT
रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पुजारी को आरती करने के दौरान हार्ट अटैक आ गया और मौत हो गई. मामला राटू रोड के इंद्रपुरी रोड नंबर-9 पर स्थित एक मंदिर का है. पुजारी की पहचान आचार्य रजनीकांत मिश्रा के रूप में हुई है. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि पुजारी अपनी छाती पकड़कर गिर पड़े और तुरंत उनकी मौत हो गई.
मंदिर में मौजूद चश्मदीदों और भक्तों के अनुसार सोमवार शाम आचार्य रजनीकांत मिश्रा हमेशा की तरह भगवान की शाम की आरती कर रहे थे. मंदिर भजन और शंख की ध्वनि से गूंज रहा था. भक्त पूरी श्रद्धा के साथ आरती में शामिल हो रहे थे. इसी बीच, आचार्य मिश्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, उन्हें बेचैनी महसूस हुई और पलक झपकते ही वे पूजा स्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.
पुजारी को अचानक गिरते देख मंदिर में अफरातफरी मच गई. आरती में शामिल भक्त तुरंत उनकी मदद के लिए आगे आए. घटना के समय मंदिर में बीजेपी के वरिष्ठ नेता रमेश सिंह और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे. उन्होंने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझा और आचार्य मिश्रा को पास के अस्पताल ले जाने की कोशिश की. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डॉक्टरों के अनुसार रांची के अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि आचार्य रजनीकांत मिश्रा बहुत ही सरल, सौम्य और धार्मिक व्यक्ति थे. भगवान की पूजा करते हुए उनके निधन से सभी को गहरा सदमा लगा है. वहीं, मंदिर स्टाफ का कहना है कि रजनीकांत जब मंदिर में आए थे तो पूरी तरह स्वस्थ थे. लेकिन अचानक से उनकी तबीयत खराब हुई और मौत हो गई.
Tags:    

Similar News