प्रकाश आंबेडकर ने औरंगजेब के मकबरे का किया दौरा, सियासी बवाल शुरू

Update: 2023-06-18 01:20 GMT

मुंबई। वंचित बहुजन अघाड़ी के नेता प्रकाश आंबेडकर ने शनिवार को औरंगजेब के मकबरे का दौरा किया। मौजूदा वक्त में औरंगाबाद का नाम बदलने को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में बवाल मचा है। औरंगजेब के पोस्टर और स्टेटस लगाने के बाद राज्य में कुछ जगहों पर आगजनी भी हुई थी। इस पृष्ठभूमि में प्रकाश आंबेडकर ने औरंगजेब के मकबरे का दौरा कर एक नई रार छेड़ दी है।

औरंगजेब को लेकर राज्य में विवाद गरमा रहा है। मुगल बादशाह के पोस्टर लगाए जाने के कारण कुछ जगहों पर आगजनी की घटनाएं हुईं थी। इस दौरान, शिवसेना शिंदे गुट ने मांग की थी कि औरंगजेब के मकबरे को हैदराबाद ले जाया जाए। वहीं शिवसेना के ठाकरे गुट ने प्रकाश आंबेडकर की वंचित अघाड़ी के साथ राजनीतिक समझौता करने की अपनी तत्परता दिखाई है।

लिहाजा अब प्रकाश आंबेडकर के औरंगजेब की कब्र पर जाने के बाद राजनीतिक क्षेत्र में इसकी जोरदार चर्चा हो रही है। इस पर बीजेपी, शिंदे ग्रुप और यहां तक ​​कि ठाकरे ग्रुप की क्या प्रतिक्रिया है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। प्रकाश आंबेडकर के औरंगजेब की मजार पर जाने से एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो सकता है। औरंगजेब की मजार पर जाने के बाद प्रकाश आंबेडकर ने कहा, "मैं औरंगजेब की मजार पर गया था। यहां एक ऐतिहासिक इमारत है, मैं इसे देखने आया हूं। औरंगजेब ने 50 साल तक राज किया, क्या आप इसे मिटाने जा रहे हैं?"

Tags:    

Similar News

-->