फाजिल्का: फाजिल्का जिले के जलालाबाद स्थित सिटी थाना परिसर में रविवार तड़के करीब 2 बजे एक संदिग्ध धमाका होने का मामला सामने आया है। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि थाने के अंदर खड़ी दो पुरानी कारों के शीशे टूट गए। घटना के समय इलाके में बिजली कटौती के विरोध में चल रहे धरने के कारण पुलिस बल तैनात था, उसी दौरान थाने के पिछले हिस्से में यह धमाका हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जबकि पुलिस थाने और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी सतिंदर कुमार ने बताया कि रात करीब 2 बजे धमाके की सूचना मिली थी। धमाके के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। एसपी ने आम जनता से किसी भी प्रकार से न घबराने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।