भारत-पाक संघर्ष पर भाजपा और कांग्रेस में वाकयुद्ध छिड़ गया है। भाजपा ने राहुल गांधी को आधुनिक युग का मीर जाफर कहा तो कांग्रेस ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को नए युग का जयचंद बताया। दोनों दलों ने ऑपरेशन सिंदूर पर अपने नेताओं की टिप्पणियों को लेकर एक-दूसरे पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
पीटीआई, नई दिल्ली। भारत-पाक संघर्ष पर भाजपा और कांग्रेस के बीच अपने-अपने नेताओं के बयानों को लेकर वाकयुद्ध और तेज हो गया है। दोनों दलों ने ऑपरेशन सिदूर पर अपने नेताओं की टिप्पणियों को लेकर एक-दूसरे पर तीखे हमले किए और इंटरनेट मीडिया पर मीम्स भी पोस्ट किए।
उन्होंने इशारों में एक-दूसरे पर देश के साथ विश्वासघात करने का भी आरोप मढ़ा। सत्तारूढ़ पार्टी ने संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ''आधुनिक युग का मीर जाफर'' कहा, जबकि विपक्षी पार्टी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को ''नए युग का जयचंद'' बताया। गौरतलब है कि कांग्रेस और राहुल गांधी ने जयशंकर पर हमला करते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में पाकिस्तान को पहले ही आगाह कर दिया था।