Mandi मंडी: हिमाचल प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नगर निगम चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अब तक कांग्रेस पार्टी यह कहती रही थी कि ये चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं हो रहे हैं, इसलिए इनका अधिक महत्व नहीं है। लेकिन जब नगर निगम चुनावों की बात आई, तो कांग्रेस नेताओं ने इसे वास्तविक परीक्षा बताया था।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने दावा किया था कि वे मंडी, धर्मशाला, सोलन और पालमपुर—चारों नगर निगमों में जीत हासिल करेंगे। लेकिन अब इन सभी स्थानों पर चुनाव संपन्न हो चुके हैं और जो परिणाम सामने आए हैं, वे कांग्रेस पार्टी और राज्य सरकार के लिए बड़ा संदेश हैं।
उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों से यह साफ संकेत मिलता है कि जनता का रुझान बदल रहा है और सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। जयराम ठाकुर ने आगे दावा किया कि आने वाले समय में इसका राजनीतिक प्रभाव और भी स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के फैसले को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और यह परिणाम राज्य की राजनीतिक दिशा को प्रभावित करें गे। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर वादों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जनता अब जवाब मांग रही है। इस बयान के बाद हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।