मंदिर में चोरी के दो मामलों का पुलिस ने किया खुलासा, महिला सहित तीन गिरफ्तार
देखें वीडियो.
सिवान: बिहार के सिवान जिले में मंदिरों में हुई चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। एक मामले में घटना के महज कुछ घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए दो सोने के हार बरामद किए गए, जबकि दूसरे मामले में अष्टधातु की मूर्ति, शिवजी का नाग और मंदिर का घंटा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून को नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित दुर्गा मंदिर में माता की प्रतिमा पर चढ़ाए गए दो सोने के हार अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिए थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और नगर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लखरावां निवासी विकास कुमार और एक महिला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किए गए दोनों सोने के हार बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि विकास कुमार के खिलाफ पहले से चोरी, धोखाधड़ी और अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
वहीं, बड़हरिया थाना क्षेत्र के पकवलिया गांव स्थित शिव मंदिर से अष्टधातु की हनुमानजी की मूर्ति, शिवजी का नाग और मंदिर का घंटा चोरी होने के मामले का भी पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया। तकनीकी अनुसंधान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की गई धार्मिक सामग्री को कबाड़ी की दुकान पर बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के चैनछपरा निवासी धनेश्वर महतो उर्फ धन्नु के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई अष्टधातु की हनुमानजी की मूर्ति, शिवजी का नाग और मंदिर का घंटा बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में बरामद सामान संबंधित मंदिरों को सौंपने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।