भागने की कोशिश में फायरिंग, हत्या के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली
पढ़े पूरी खबर
यूपी। गाजियाबाद में एक बार फिर पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी ने हथियार बरामदगी के दौरान भागने और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी.
पुलिस के मुताबिक, 2 जुलाई को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में मोहित शर्मा की हत्या का मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव और उसके साथियों की पहचान की. इसके बाद 3 जुलाई को पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया. गाजियाबाद पुलिस का दावा है कि आरोपी को हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए शांतिनगर वाटर प्लांट के पास स्थित डंपिंग यार्ड ले जाया गया था. इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने लगा और झाड़ियों में छिप गया.
पुलिस का कहना है कि झाड़ियों में छिपे आरोपी ने वहां से एक देशी तमंचा निकाला और पुलिस टीम पर फायरिंग की. इसके बाद पुलिस ने बताया कि उन्होंने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गौरव के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया.
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस का कहना है कि उसकी हालत स्थिर है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हत्या के अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है.