पुलिस अधिकारी ने खत्म की जिंदगी, पहले पत्नी को मारा फिर खुद दी जान

पुलिस के मुताबिक जब माता-पिता ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला तो लड़की ने पुलिस को सूचना दी.

Update: 2021-10-31 05:40 GMT
Click the Play button to listen to article

शहडोल: मध्य प्रदेश में एक पुलिस अधिकारी ने सर्विस रिवॉल्वर से सुसाइड कर लिया। इससे पहले उसने अपनी पत्नी की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना शहडोल जिले में शनिवार रात को हुई। दोनों की शादी को 15 साल हो चुके थे। उनके परिवार में 14 साल का बेटा और 10 साल की बेटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मारे गए पुलिस अधिकारी का नाम एसआई हीरा सिंह परास्ते है। उनकी पत्नी का नाम रानी सिंह था। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक 42 साल के हीरा सिंह रीवा जिले में पोस्टेड थे। वह शहडोल में किराए के मकान में रहते थे और शनिवार दोपहर ही यहां पहुंचे थे। शहडोल के एसपी अवधेश गोस्वामी के मुताबिक घटना शाम करीब 4 बजकर 45 मिनट पर हुई। उस वक्त हीरा सिंह का बेटा ट्यूशन के लिए बाहर गया था। वहीं उनकी बेटी दूसरे कमरे में टीवी देख रही थी।
पुलिस के मुताबिक जब माता-पिता ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला तो लड़की ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो दोनों मृत मिले। पुलिस के मुताबिक घटना के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि शुरुआती छानबीन में यह बात जरूर सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। एसपी गोस्वामी ने बताया कि सूत्रों से यह पता चला है कि थाने से निकलते वक्त एसआई परास्ते ने रीवा जिला मुख्यालय जाने की बात कही थी। लेकिन वह बाइक से ही शहडोल चले गए थे।

Tags:    

Similar News