रौब दिखाने वाले की पुलिस ने अकड़ निकाल दी, सामने आया VIDEO

Update: 2026-06-16 11:20 GMT
नरसिंहपुर: नरसिंहपुर शहर में एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ब्रांच स्कूल के पास कार से काली फिल्म हटवाई और बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ी पर नंबर प्लेट लगवाई। युवक ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए गहमागहमी की स्थिति बन गई।
घटना साप्ताहिक बाजार के कारण यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान हुई। यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उन्होंने एक वरना कार गाड़ी नंबर MP49 ZA0736 को रोका, जिसके शीशों पर गहरे रंग की काली फिल्म लगी थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चालक को कुछ दिन पहले राम मंदिर क्षेत्र में भी चेकिंग के दौरान रोका गया था। उस समय उसे काली फिल्म हटाने और नंबर प्लेट लगाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने इन निर्देशों का पालन नहीं किया।
दोबारा पकड़े जाने पर वाहन चालक सूरज पटेल पुलिसकर्मियों से उलझ गया। उसने कथित तौर पर अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मौके पर ही कार के शीशों से काली फिल्म हटवाई और नंबर प्लेट लगवाई।
यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी ने जानकारी दी कि आरोपी सूरज पटेल ने लगभग दो घंटे तक अपनी गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी करके यातायात व्यवस्था को बाधित किया। बार-बार समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में धारा 353 और 151 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि आरोपी सूरज पटेल के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन सभी नागरिकों के लिए समान रूप से अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के रसूख या दबाव के आगे कानून से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
Tags:    

Similar News