कन्स्ट्रक्शन साइट पर रंगदारी मांगने पहुंचे अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़
मचा हड़कंप.
लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में रविवार को एनएच-39 फोरलेन सड़क निर्माण स्थल पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। निर्माण स्थल पर दहशत फैलाने और कथित तौर पर लेवी वसूली के उद्देश्य से पहुंचे दो अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दोनों ओर से करीब सात राउंड फायरिंग होने की सूचना है।
हालांकि, अपराधी पुलिस की घेराबंदी से निकलकर बाइक से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, कुड़ू थाना क्षेत्र में चंदवा सीमा के समीप एनएच-39 के फोरलेन निर्माण का काम चल रहा है। कन्स्ट्रक्शन साइट एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति निर्माण स्थल पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने निर्माण कार्य में लगे लोगों को धमकाया और काम बंद कराने की कोशिश की। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कुड़ू थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस वाहन को देखते ही दोनों अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की ओर से करीब तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए करीब चार राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों अपराधी बाइक से चंदवा की ओर फरार हो गए। घटना में किसी पुलिसकर्मी या निर्माण स्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई की और अपराधियों का जवाब दिया। घटना की जांच की जा रही है तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकेबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के बाद निर्माण स्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों और फरार अपराधियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।