लंदन में PoK मुद्दे पर उबाल, ‘नरसंहार’ के आरोपों के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग
अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग
London लंदन: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) में कथित मानवाधिकार उल्लंघन और सेना की कार्रवाई के विरोध में लंदन में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। ब्रिटिश संसद के बाहर हजारों की संख्या में ब्रिटिश कश्मीरी और मानवाधिकार कार्यकर्ता एकत्र हुए और पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रविवार को रावलाकोट ईदगाह में चल रहे एक धरने पर सुरक्षा बलों द्वारा कथित तौर पर सीधे गोलीबारी की गई, जिसमें दो नागरिकों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। इसी घटना के विरोध में यह जनसैलाब सड़कों पर उतरा।
मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि PoK में सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दौरान नागरिकों की मौत, घायल होने और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार जैसी घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने इसे “लगातार बढ़ता दमन” बताते हुए कड़ी निंदा की।
अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग
लंदन में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर न्याय की मांग की और संयुक्त राष्ट्र सहित वैश्विक मानवाधिकार संगठनों से हस्तक्षेप करने की अपील की। उनका कहना था कि PoK की स्थिति की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध करने वालों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र में तनाव और असंतोष बढ़ रहा है।