Delhi दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग का मौजूदा मजबूत दौर भविष्य में और अधिक विस्तार पाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मेलोनी, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी की मजबूत गति को आगे बढ़ाने और दोनों देशों तथा उनके नागरिकों के पारस्परिक लाभ के लिए मिलकर काम करने को उत्सुक हूं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इटली के संबंध बीते वर्षों में लगातार मजबूत हुए हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह साझेदारी और अधिक गहरी होगी।
भारत और इटली के बीच ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ को वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जाता है। दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों, आर्थिक विकास और वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। हाल के वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच कई महत्वपूर्ण बैठकों ने द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्ते न केवल भारत और इटली के लिए लाभकारी हैं, बल्कि वैश्विक शांति, स्थिरता और सतत विकास को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने भविष्य में सहयोग के नए अवसरों को तलाशने और रणनीतिक संबंधों को और सशक्त बनाने का भरोसा जताया।
Tags: