ओस्लो में पीएम मोदी बोले...
भारत-नॉर्वे साझेदारी मजबूत, वैश्विक चुनौतियों का मिलकर समाधान
Delhi दिल्ली: ओस्लो के सिटी हॉल में आयोजित नॉर्वे-भारत व्यापार एवं अनुसंधान शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नॉर्वे के बीच साझेदारी केवल संभावनाओं पर आधारित नहीं है, बल्कि यह एक मजबूत और सिद्ध सहयोग है।
उन्होंने नॉर्वे के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिजनेस और रिसर्च लीडर्स के साथ संवाद का अवसर दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह साझेदारी विश्वास, तकनीक और प्रतिभा के आदान-प्रदान पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में फूड, फ्यूल और फर्टिलाइजर सिक्योरिटी बड़ी चुनौती बन गई है, और भारत तथा नॉर्वे मिलकर इन समस्याओं के समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी उल्लेख किया कि अक्टूबर 2025 में यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (EFTA) के साथ व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता (TEPA) लागू हुआ है। उन्होंने इसे एक विशेष समझौता बताया, जो टैलेंट, टेक्नोलॉजी और म्युचुअल ट्रस्ट को मजबूत करता है।
मोदी ने कहा कि वर्तमान समय अवसरों से भरा हुआ है और देशों को इसका सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि भारत और नॉर्वे के बीच सहयोग भविष्य की वैश्विक चुनौतियों का सामना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस सम्मेलन को दोनों देशों के आर्थिक और तकनीकी संबंधों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।