यूपी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे. इस दौरान वे करीब 2200 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इन परियोजनाओं का मकसद वाराणसी में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, शहरी विकास और सांस्कृतिक धरोहर को मज़बूती देना है. कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा, जहां प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी, 9.7 करोड़ से ज्यादा किसानों को 20,500 करोड़ रुपये से ज्यादा ट्रांसफर करते हुए पीएम-किसान की 20वीं किस्त जारी करेंगे. पीएम-किसान योजना की शुरुआत से अब तक इसके तहत कुल संवितरण 3.90 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है.
पीएम मोदी 2 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे उत्तर प्रदेश के वाराणसी में करीब 2200 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. वे इस मौके पर जनता को भी संबोधित भी करेंगे.
ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, शहरी विकास और सांस्कृतिक विरासत सहित कई सेक्टर्स को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं, जिनका मकसद वाराणसी में समग्र शहरी परिवर्तन, सांस्कृतिक कायाकल्प, बेहतर कनेक्टिविटी और जीवन की गुणवत्ता में बढ़ोतरी करना है. वाराणसी में रोड कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के मुताबिक, प्रधानमंत्री कई प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. वे वाराणसी-भदोही मार्ग और छितौनी-शूल टंकेश्वर मार्ग के चौड़ीकरण परियोजना का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा, मोहन सराय-अदलपुरा मार्ग पर भीड़भाड़ कम करने के लिए हरदत्तपुर में रेलवे ओवरब्रिज का भी उद्घाटन भी करेंगे. पीएम मोदी दालमंडी, लहरतारा-कोटवा, गंगापुर, बाबतपुर सहित कई ग्रामीण और शहरी गलियारों में व्यापक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण परियोजना और लेवल क्रॉसिंग 22सी और खालिसपुर यार्ड पर रेलवे ओवरब्रिज की आधारशिला रखेंगे.