सत्य निकेतन इमारत हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री का संदेश मदद और बचाव में जुटी टीमें
Delhi दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना दुखद है। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जा रही है।
सत्य निकेतन में इमारत गिरने के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। मौके पर एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कई लोग प्रभावित हुए हैं। रेस्क्यू टीम लगातार मलबे की जांच कर रही है ताकि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
प्रधानमंत्री के अलावा दिल्ली सरकार और अन्य नेताओं ने भी हादसे पर चिंता जताई है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इमारत काफी पुरानी थी और हादसे से पहले बेसमेंट में काम चल रहा था।