पीयूष गोयल ने संत रविदास को किया नमन

Update: 2026-08-09 14:40 GMT
Mumbai मुंबई। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में ‘कलश वंदन अभियान’ के दौरान संत गुरु रविदास महाराज को नमन किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में यह अभियान शुरू किया गया है। मुंबई के उत्तर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पीयूष गोयल ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि ‘कलश वंदन अभियान’ को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विशेष रूप से चर्मकार समुदाय के लोगों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने जोश और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री ने संत गुरु रविदास महाराज को नमन करते हुए उनका आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास सभी को सही मार्ग दिखाएं और समाज को एकता, सद्भाव तथा सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दें। उन्होंने संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को याद करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। गोयल ने कहा कि संत रविदास का जीवन समाज में समानता और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को महान संतों के विचारों और उनके योगदान से जोड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने लोगों से संत रविदास के बताए रास्ते पर चलने और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने मुंबई और महाराष्ट्र के विकास की भी कामना की। उन्होंने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ें और देश की आर्थिक प्रगति में अपना योगदान जारी रखें। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। पीयूष गोयल ने भारत के भविष्य को लेकर कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत के साथ-साथ विश्व गुरु के रूप में उभरने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत अपनी क्षमता और विकास के माध्यम से पूरी दुनिया की सेवा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ‘कलश वंदन अभियान’ के आयोजन में लोगों की भागीदारी को संत रविदास महाराज के प्रति श्रद्धा और उनके विचारों के प्रति सम्मान के रूप में देखा गया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश भी दिया गया।
Tags:    

Similar News