फिजियोथेरेपिस्ट के साथ यौन उत्पीड़न, इंटर्नशिप सुपरवाइजर गिरफ्तार
पढ़े पूरी खबर
चेन्नई। पेरावलूर इलाके के पास एक महिला फिजियोथेरेपिस्ट इंटर्न के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई, जिसके बाद उसके साथ गलत हरकत की गई.
22 वर्षीय छात्रा एक निजी फिजियोथेरेपी सेंटर में कार्तिकेयन के अधीन इंटर्नशिप कर रही थी. शनिवार को कार्तिकेयन ने उसे घर-घर जाकर मरीजों को फिजियोथेरेपी देने के लिए साथ चलने को कहा.
दो मरीजों को फिजियोथेरेपी देने के बाद कार्तिकेयन ने बताया कि एक और मरीज ने मसाज के लिए बुलाया है. इसी दौरान कार में उसने कथित तौर पर ड्रग मिला हुआ कोल्ड ड्रिंक इंटर्न को दिया और उसके बाद यौन उत्पीड़न किया. होश में आने के बाद महिला ने पूरी घटना की जानकारी अपनी बहन को दी. परिवार इस घटना से स्तब्ध रह गया और उन्होंने कोलाथुर ऑल वुमन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच के बाद कार्तिकेयन को यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.