पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाई, अगर तेल कंपनियां दाम में कटौती करती हैं तो फ्यूल के दाम 10 रुपये तक हो सकते हैं कम
नई दिल्ली: ग्लोबल कच्चे तेल की आपूर्ति संकट के बीच सरकार ने बड़ी राहत दी है. पेट्रोल और डीजल पर केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी को घटा दिया है. पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये घटाकर 3 रुपये कर दिया गया है, जबकि डीजल पर एक्साइज ड्यूटी जीरो कर दिया गया है.
सरकार ने यह तेल कंपनियों को बड़ी राहत दी है, क्योंकि उन्हें संकट के समय में महंगे दामों पर कच्चा तेल खरीदना पड़ रहा था, जिसे लेकर सरकार ने ये राहत दी है. हालांकि राज्य सरकारों का वैट लागू रहेगा. पहले पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये था और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये प्रति लीटर था. हालांकि अब इसमें 10 रुपये की कटौती की गई है.
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹94.77 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹87.67 प्रति लीटर है. नोएडा में पेट्रोल ₹94.85, डीजल ₹87.98 है. इसी तरह, मुंबई में पेट्रोल ₹103.54 प्रति लीटर और डीजल ₹90.03 प्रति लीटर है.
अब इस कटौती के बाद अगर तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल के दाम में कटौती करती हैं तो फ्यूल के दाम 10 रुपये तक कम हो सकते हैं. अभी तक सिर्फ सरकार की ओर से एक्साइज ड्यूटी कम की गई है. पेट्रोल और डीजल में कटौती तेल कंपनियों के ऐलान के बाद होगा.